naogaon-paunti-rajgarhi-motor

भू-धंसाव से नौगांव-पौंटी-राजगढ़ी मोटर मार्ग बंद

उत्तरकाशी, 11 अगस्त । नौगांव-पौंटी-राजगढ़ी मोटर मार्ग पर पौंटी पुल के समीप एक बार फिर भू-धंसाव सक्रिय होने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। भू-धंसाव के चलते सड़क का बड़ा हिस्सा कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे पैदल आवाजाही भी जोखिमभरी बनी हुई है। मार्ग बंद होने के कारण एमडीएस और पॉलिटेक्निक के स्कूली वाहनों को लंबा रास्ता तय कर नौगांव होकर जाना पड़ रहा है।

वहीं ठकराल और बनाल पट्टी के ग्रामीणों को भी नौगांव जाने के लिए बड़कोट होकर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पौंटी पुल के समीप पिछले कई वर्षों से भू-धंसाव की समस्या बनी हुई है। इसके उपचार के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन बरसात आते ही भू-धंसाव दोबारा सक्रिय हो जाता है। इससे सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और लोगों की आवाजाही पर खतरा बना हुआ है। यह मोटर मार्ग बनाल और ठकराल पट्टी के दर्जनों गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है।

प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे भी इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए स्कूली वाहनों की आवाजाही को लेकर अभिभावकों में भी चिंता बनी हुई है।

भू-धंसाव वाले हिस्से में सड़क पर कीचड़ और दलदल की स्थिति बनी हुई है। वाहनों के लिए मार्ग बंद होने के साथ ही पैदल राहगीरों को भी बेहद सावधानी से आवाजाही करनी पड़ रही है। सड़क किनारे पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से यहां हादसे का खतरा भी बना हुआ है।

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से पौंटी पुल के समीप भू-धंसाव का स्थायी तकनीकी उपचार कराने, सड़क को सुरक्षित बनाने और संवेदनशील हिस्से में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन ध्यानी ने बताया कि मौके पर मशीन भेजकर मार्ग खोलने का प्रयास किया जा रहा है तथा सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।