up-bijnor-dm-visit-kanvar-yatra-rout

जिलाधिकारी ने किया कावड़ मार्ग का निरीक्षण, दिये आवश्यक निर्देश

बिजनौर , 01 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनाैर की जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शनिवार को कावड़ मार्ग का पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। डीएम ने बढ़ापुर तिराहा, रायपुर तिराहा आदि का निरीक्षण करते हुए नजीबाबाद तक कावड़ मार्ग का निरीक्षण किया। ग्राम हरबंशपुर धारम मोड पर बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए तथा ग्राम सत्तारवाला मोड पर मिट्टी भरान व सफाई कराने के लिए कहा। रायपुर तिराहा के पास अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घास कटाई के कार्यों को ठीक प्रकार से कराने के लिए भी कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि वह पैचिंग कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करें, इसमें किसी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान ग्राम रावल्हेडी रेलवे फाटक के पास स्थित पुलिस सहायता केंद्र का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का संवेदीकरण करते हुए कहा कि कांवड़ियों का मार्ग सुगम बनाएं, कांवड़ियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों के प्रति व्यवहार अच्छा रखें। अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन ठीक प्रकार से करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कंट्रोल रूम खोले गए हैं। मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मुख्य सहित अन्य मंदिरों में विभिन्न व्यवस्थाएं की गयी हैं। इसके अतिरिक्त अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती सहित सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा,उप जिलाधिकारी नगीना प्रिंस कुमार सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।