मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल पर भाजपा करेगी प्रदेशव्यापी धार्मिक आयोजन
देहरादून, 9 जून (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर बुधवार को उत्तराखंड के चारधाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना, अरदास और प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित करेगी।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने सोमवार को बताया कि 10 जून 2026 को मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर पार्टी की ओर से प्रदेशभर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना को लेकर विधानसभा स्तर पर मंदिरों, गुरुद्वारों, जैन मंदिरों और बौद्ध स्थलों पर पूजा-अर्चना, अरदास और प्रार्थना की जाएगी।
परिहार के अनुसार, कार्यक्रमों के समन्वय के लिए प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर प्रदेश और जिला स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर को प्रदेश संयोजक व बलजीत सोनी और भुवन जोशी को सह-संयोजक बनाया गया है।
भाजपा ने बदरीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री, हरिद्वार की हर की पैड़ी, नैनीताल स्थित कैंची धाम, अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम, पौड़ी की धारी देवी, कोटद्वार के सिद्धबली मंदिर और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रमों की जिम्मेदारी पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों को सौंपी है।
पार्टी के अनुसार, गुरुद्वारों, जैन मंदिरों और बौद्ध मठों में भी विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाएंगी। भाजपा का कहना है कि ये कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों और उनके दीर्घकालीन सार्वजनिक जीवन के सम्मान में आयोजित किए जा रहे हैं।









