डीजीपी ने ली संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक
जोधपुर, 06 जून । प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा शनिवार को जोधपुर पहुंचे। डीआरडीओ गेस्ट हाउस से रवाना होकर वे पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
आईजी रेंज सत्येंद्र सिंह ने डीजीपी का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद डीजीपी ने आईजी रेंज एवं जिले के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) से मुलाकात कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। आईजी कार्यालय के सभागार में डीजीपी राजीव शर्मा की अध्यक्षता में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जोधपुर संभाग के विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। डीजीपी ने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।









