jh-dc-visits-perwaghagh-and-panchghagh

उपायुक्त ने लिया पंचघाघ और पेरवाघाघ जलप्रपात का निरीक्षण

खूंटी, 06 जून । जिले में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने शनिवार को मुरहू प्रखंड स्थित पंचघाघ जलप्रपात एवं तोरपा प्रखंड स्थित पेरवाघाघ जलप्रपात का स्थल निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने दोनों पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंचघाघ जलप्रपात में उपलब्ध पर्यटक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और सुरक्षा उपायों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इसके बाद उपायुक्त ने पेरवाघाघ जलप्रपात में निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वेलकम गेट, रेस्टोरेंट, रिसॉर्ट, बम्बू कॉटेज, चिल्ड्रन पार्क, सीढ़ियां, शौचालय, गजीबो, वॉच टावर, स्टाफ क्वार्टर और दुकानों सहित अन्य संरचनाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यपालक अभियंता (एनआरईपी) को सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने पर्यटकों के लिए बैठने की व्यवस्था, वाहन पार्किंग, शौचालय सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।

स्वच्छता पर जोर देते हुए उपायुक्त ने पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने प्लास्टिक मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने एवं प्रभावी कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने जलप्रपातों में जलस्तर की स्पष्ट मार्किंग, संवेदनशील क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी राजेश कुमार, कार्यपालक अभियंता (एनआरईपी), संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।