dantewada-cash-jewelry-stolen

दंतेवाड़ा में सुने मकान में लाखों की नगदी व जेवरात की हुई चोरी

दंतेवाड़ा, 06 जून । दंतेवाड़ा जिले के गीदम में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही । शुक्रवार की रात एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों के नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

गीदम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 06 में रहने वाला परिवार किसी पारिवारिक कार्यक्रम में घर में ताला लगाकर बाहर गया हुआ था। इसका फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखी अलमारियों व सामान को खंगाल डाला। चोर नगदी राशि के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी एवं अन्य स्थानों की जांच करने पर नगदी और जेवरात गायब मिले, जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल गीदम पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम आज शनिवार काे मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।