dl-lc-mcoca-case-nbw-sangwan

मकोका मामला: गैंगस्टर कपिल सांगवान के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी

नई दिल्ली, 03 जून । दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को मकोका मामले के आरोपित और आम आदमी पार्टी नेता नरेश बाल्यान से जुड़े फरार आरोपित कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है। स्पेशल जज विशाल गोगने ने इस मामले से जुड़े बाकी आरोपितों की न्यायिक हिरासत 9 जून तक बढ़ाने का आदेश दिया।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से फरार आरोपित कपिल सांगवान के बारे में पूछा। तब जांच अधिकारी ने कहा कि उसका अब तक कोई सुराग नहीं है। कोर्ट ने पाया कि दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में कपिल सांगवान के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 356 के तहत उसकी अनुपस्थिति में ही ट्रायल शुरु करने की मांग की गई है। कोर्ट ने कहा कि धारा 356 (1) के तहत अनुपस्थिति में ट्रायल शुरु करने से पहले लगातार दो वारंट जारी करना जरुरी है और दोनों वारंट के बीच 30 दिन का अंतराल होना चाहिए। उसके बाद कोर्ट ने कपिल सांगवान के खिलाफ वारंट जारी करते हुए 9 जून को पेश होने का आदेश दिया।

दिल्ली पुलिस ने 17 अप्रैल को इस मामले में छठी पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। कोर्ट ने 24 जनवरी को मनोज यादव के खिलाफ दिल्ली पुलिस की पांचवीं पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। कोर्ट ने मनोज यादव ऊर्फ कैरा के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4 के आरोपों के तहत चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। चार्जशीट में मनोज यादव को संगठित अपराध गिरोह का सदस्य बताया गया है। ये गिरोह कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू संचालित करता है। कपिल सांगवान फिलहाल फरार है। दिल्ली पुलिस की जांच में मनोज यादव के खिलाफ आपराधिक गतिविधियों की कई एफआईआर दर्ज होने का पता चला।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर के बीच बातचीत का मामला 2023 का है। इसे लेकर 2023 में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। कपिल सांगवान कुख्यात गैंगस्टर है जो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहा है। कपिल सांगवान पिछले पांच वर्षों से ब्रिटेन में ही रह रहा है। कपिल सांगवान और नरेश बाल्यान दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं। कपिल सांगवान हरियाणा के नफे सिंह हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड है। कपिल सांगवान को बल्लू पहलवान और भाजपा नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या का भी मास्टरमाइंड माना जाता है।