बड़वानी : वार्ड-16 में नलों से आ रहा गंदा और बदबूदार पानी, शिकायत के बावजूद काेई सुधार नहीं, लोग परेशान
बड़वानी, 17 मई । मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के वार्ड नंबर 16 में स्थित देवीसिंह मार्ग, नाई मोहल्ला क्षेत्र में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है। यहां नलों से पीने योग्य पानी की जगह बदबूदार और गटर जैसा पानी आ रहा है। जलकर 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। नाराज वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो भागीरथ पुरा से भी बड़ी घटना हो सकती है।
वार्ड निवासी नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि वे कई दिनों से इस जल समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने पार्षद बाबू भाई को कई बार सूचित किया है कि पानी पीने तो दूर, नहाने लायक भी नहीं है। पार्षद के माध्यम से नगर पालिका में बार-बार शिकायतें भेजने के बावजूद किसी वरिष्ठ अधिकारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। गुप्ता ने आरोप लगाया कि नगर पालिका के अधिकारी शायद किसी “भयानक आपदा” का इंतजार कर रहे हैं, ताकि कुछ लोगों के प्रभावित होने के बाद ही प्रशासन जागे। उन्होंने यह भी कहा कि कलेक्टर भी इस मामले में गंभीर नहीं दिख रहे हैं, जबकि कागजों पर जल समस्या के समाधान के लिए बड़े-बड़े काम चल रहे हैं।
वार्डवासी और प्रधान पाठक कैलाश वर्मा ने बताया कि नर्मदा पाइपलाइन से आने वाला पानी इतना गंदा है कि उसे पीना तो दूर, उससे नहाना भी संभव नहीं है, क्योंकि उसमें तेज बदबू आती है। उन्होंने बताया कि हर 8 से 10 दिन में ऐसा ही पानी आता है और आज फिर से यही स्थिति है। वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नगर पालिका को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना चाहिए, अन्यथा बड़वानी में भागीरथ पुरा से भी बड़ी घटना हो सकती है।
दिनेश कोराने ने बताया कि ड्रेनेज लाइन सिस्टम बनने के बाद से नलों में बदबूदार पानी आने लगा है। उन्होंने कहा, “आज तो ऐसा पानी आया है जैसे नाली का पानी हो।” उनके पास नगर पालिका प्रशासन को दिखाने के लिए पानी का सैंपल भी मौजूद है। कोराने ने यह भी बताया कि नलों के आने का कोई निश्चित समय नहीं है और पानी 2 से 3 दिन के अंतराल पर आता है। जलकर बढ़ाने और दोगुना भुगतान करने के बावजूद नल सुधार की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पार्षद टैंकर की व्यवस्था तो कर देते हैं, लेकिन नई पाइपलाइन जोड़ने के बाद भी 10-12 घरों में बदबूदार पानी आ रहा है।
20-25 रुपये का डब्बा खरीदने को मजबूर
वार्डवासी अब पीने का पानी नहीं भर पा रहे। उनका कहना है कि अब देखते हैं क्या व्यवस्था है, नहीं तो डब्बे बुलाएंगे। पीने के लिए 20-25 रुपये का एक डब्बा आता है, क्योंकि यह पानी तो पीने योग्य क्या, नहाने योग्य भी नहीं है। गर्मी का समय चल रहा है, बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।
फोन नहीं उठाता कोई
वार्डवासियों का आरोप है कि सुबह से नगर पालिका को फोन लगाया, पर कोई फोन नहीं उठा रहा। सिर्फ पार्षद महोदय मौके पर आए। प्रतिपक्ष के नेता को भी बार-बार बोल चुके, वे भी परेशान हो चुके हैं, लेकिन नगर पालिका के सिर पर जूं तक नहीं रेंग रही।
वार्डवासियों की मांग
वार्डवासियों ने नगर पालिका से आग्रह किया है कि नगर और हमारे वार्ड की समस्या का निदान करें। उन्होंने कहा कि पूर्व के कार्यकाल में जल कर 100 रुपये था, तब तक वार्ड में जल समस्या नहीं आई। अब 150 रुपये करने के बाद भी नल तीन दिन में एक बार, वो भी 20 से 25 मिनट बिना प्रेशर का आता है। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हमें निश्चित रूप से अगला कदम उठाना पड़ेगा। नहीं तो फिर हमको स्वयं को कुछ अपने हाथ में लेकर इस समस्या का निदान करना पड़ेगा।
नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा ने बताया कि वार्डवासियों द्वारा जानकारी मिली है कि वार्ड 16 में नलों से गंदा पानी आ रहा है। अभी नगर पालिका से टीम भिजवाकर जानकारी ली जाएगी। ऐसा क्याें हो रहा है। इसकी जांच की जाएगी कि किस वजह से गंदा पानी नलों से आ रहा है।









