सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के परीक्षा परिणाम पर उपायुक्त नाराज
खूंटी, 11 मई । उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने सोमवार को जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों एवं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम की समीक्षा की। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक उपस्थित थे।
बैठक में इस वर्ष आयोजित 10 वीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के परिणाम, उत्तीर्ण छात्रों की स्थिति, कंपार्टमेंटल परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय के परीक्षा परिणाम पर नाराजगी जताते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में सभी विषयों की नियमित और प्रभावी पढ़ाई कराई जाए, ताकि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम प्राप्त हो सके। विशेष रूप से हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों पर अधिक ध्यान देने को कहा गया। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिया गया।
उपायुक्त ने कंपार्टमेंटल परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि वे परीक्षा में सफल हो सकें।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को विद्यालय में नियमित पठन-पाठन की समीक्षा करने एवं शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिया गया।









