बलरामपुर : मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए पहाड़ी कोरवा परिवारों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
बलरामपुर, 11 मई । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिलेभर में आयोजित सुशासन तिहार के तहत दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसी क्रम में साेमवार काे डीपाडीह में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए पीएम जनमन योजना अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में पहुंचे पहाड़ी कोरवा एवं अन्य जनजातीय समुदाय के लोगों का चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद जरूरतमंदों को दवाइयों का वितरण किया गया, वहीं गंभीर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
शिविर में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की विशेष स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मातृ स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और स्वच्छता संबंधी जानकारी देते हुए लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक किया।
ग्रामीणों ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में इस तरह की स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचने से उन्हें बड़ी राहत मिल रही है। पहले छोटी बीमारियों के इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब गांव के समीप ही स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
शिविर में ग्रामीणों को पोषणयुक्त आहार, स्वच्छता, सामान्य बीमारियों से बचाव और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने और नियमित जांच कराने की अपील की।









