somnath-fest-at-kudargarh

सूरजपुर : कुदरगढ़ धाम में भव्य रूप से मनाया गया सोमनाथ स्वाभिमान पर्व

सूरजपुर, 11 मई । भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा के प्रतीक सोमनाथ मंदिर की गौरवगाथा पर आधारित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष” कार्यक्रम का सोमवार को पावन कुदरगढ़ धाम में भव्य आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन सूरजपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। आयोजन के दौरान सोमनाथ मंदिर के इतिहास, सांस्कृतिक महत्व और भारतीय आस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वक्ताओं के उद्बोधन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। सदियों के संघर्ष और कई आक्रमणों के बाद भी सोमनाथ की आस्था अडिग रही, जो भारतीय समाज की सांस्कृतिक शक्ति को दर्शाती है।

कार्यक्रम में बताया गया कि यह पर्व वर्ष 1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले विदेशी आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने तथा स्वतंत्रता के बाद पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि सोमनाथ की गौरवगाथा भारतीय समाज की अटूट श्रद्धा और संघर्षशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान को मजबूत करते हैं।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े ने कहा कि सोमनाथ हमारी सनातन संस्कृति और आस्था की अमर पहचान है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं और इतिहास से जोड़ने का कार्य करते हैं।

कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कुदरगढ़ धाम जैसे ऐतिहासिक स्थल पर इस आयोजन का होना जिले के लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर, डीएफओ डी.पी. साहू, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।