uk-crime-smuggler-arrested-

काठगाेदाम में पांच किलो से अधिक चरस के साथ दो गिरफ्तार

देहरादून, 10 मई (हि. स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना काठगोदाम क्षेत्र के दमुआढुंगा में पांच किलो दो ग्राम चरस के साथ दो लाेगाें को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर कुमांऊ एसटीएफ के निरीक्षक पावन स्वरुप, उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी और काठगोदाम पुलिस के एसओ विमल मिश्रा, उपनिरीक्षक दिलीप सिंह ने दल बल के साथ थाना काठगोदाम क्षेत्र के दमुआढुंगा में छापा मारकर प्रवीण आर्य पुत्र कुशल राम निवासी दमुआढुंगा, थाना काठगोदाम और बलवंत सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी पंचायत घर हल्द्वानी काे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से पांच किलाे से अधिक चरस बरामद की है। पुलिस ने बताया कि दाेनाें आराेपिताें ने पूछताछ में बताया कि वे जनपद बागेश्वर से चरस खरीदकर नैनीताल और ऊधमसिंह नगर क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस अब इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशों के तहत की गई है। राज्य एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और अवैध ड्रग्स कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।