बस की टक्कर से दो बाइक सवार घायल
बिजनौर,9 मई । जनपद के थाना नहटौर में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में रॉयल एनफील्ड बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। नहटौर-कोतवाली देहात मार्ग पर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के पास रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस के अगले हिस्से में जा फंसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब चार बजे की है। यूपी-23 एएम 4923 नंबर की रॉयल एनफील्ड बाइक पर सवार दो युवक नहटौर-कोतवाली देहात मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निकट उनकी बाइक की रोडवेज बस से जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल बस के अगले हिस्से में फंस गई। सड़क पर तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना में घायल युवकों की पहचान अमरोहा निवासी फैसल और सुल्तान के रुप में हुई है। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर गंभीर हालत में पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान एक युवक की स्थिति अधिक चिंताजनक बताई गई। कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक घायल की हालत ज्यादा नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।









