amit-shah-disaster-review

अमित शाह रविवार को देश में बाढ़ प्रबंधन, लू से निपटने की तैयारियों की करेंगे समीक्षा

नई दिल्ली, 08 मई । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 10 मई को यहां एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें देश में संभावित बाढ़ और लू (हीटवेव) की स्थिति से निपटने की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की जाएगी।

गृह मंत्रालय के शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार बैठक में केंद्र सरकार की एजेंसियों की तैयारियों, प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, संसाधनों की तैनाती और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की समीक्षा की जाएगी। बैठक में जान-माल के नुकसान को न्यूनतम रखने के उपायों पर विशेष जोर रहेगा।

बयान में कहा गया कि केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के लिए ‘समग्र सरकार’ और ‘समग्र समाज’ दृष्टिकोण अपनाया है। इसके तहत केंद्र और राज्य सरकारों की एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को सशक्त बनाने तथा प्राकृतिक आपदाओं के दौरान ‘शून्य जनहानि’ के लक्ष्य पर लगातार ध्यान केंद्रित किया गया है।

बैठक में देशभर में चलाए जा रहे दीर्घकालिक बाढ़ शमन उपायों की प्रगति की भी समीक्षा होगी। इसमें महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की सुरक्षा, नदी प्रबंधन पहल और पूर्वानुमान संबंधी वैज्ञानिक प्रगति शामिल हैं।

गृहमंत्री पिछले वर्ष आयोजित समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की स्थिति का भी आकलन करेंगे ताकि जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके और विभिन्न गतिविधियों के समन्वित क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके।

बैठक के प्रमुख एजेंडों में उन्नत तकनीक और रीयल-टाइम डेटा के जरिए बाढ़ पूर्वानुमान एवं प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली को मजबूत करना, बाढ़ और लू जैसी एक साथ आने वाली आपदाओं से निपटने की तैयारी बढ़ाना, सामुदायिक जागरूकता एवं आपदा-रोधी क्षमता निर्माण कार्यक्रम तथा राहत सामग्री और चिकित्सा तैयारियों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करना शामिल है।

———–