up-encounter-2-cowsmmugller-in

पुलिस मुठभेड़ में दो गौ-तस्कर घायल, 45 गोवंश बरामद

मीरजापुर, 30 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में थाना अहरौरा पुलिस ने मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय शातिर गौ-तस्करों को घायल अवस्था में गिरफ्तार करते हुए 45 गोवंश को बरामद किये है। साथ ही मौके से दो देशी कट्टा व कारतूस भी बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए अहरौरा पुलिस को 29 अप्रैल की देर रात सूचना मिली कि गोवंश को पैदल जंगल के रास्ते चंदौली होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम ने बैजू बाबा तपस्थली मार्ग के दक्षिण जंगल, भलदरिया क्षेत्र के हिनौता छातों के पास घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपितों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्तों की पहचान चंदौली जनपद के रामबच्चन यादव और रामप्रकाश यादव के रूप में हुई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह ने बताया कि मौके से 45 गौवंश, दो देशी कट्टा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में थाना अहरौरा में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा व चौकी प्रभारी आशीष सिंह की टीम शामिल रही।