धोरों में नशे का कारोबार : खेतों में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़
जोधपुर, 26 अपै्रल । करीब पांच माह बाद एक फिर जोधपुर जिले के शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में रेतीले धोरों के बीच एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। जिले के बालेसर इलाके में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने राजस्थान में एमडी बनाने की फैक्ट्री और एमडी बरामदगी की है। अब तक की ये सबसे बड़ी कार्रवाई है। बालेसर के बावरली के लूणावपुरा गांव के खेत में एएनटीएफ की टीम ने शनिवार देर रात से रविवार अल सुबह तक दबिश देकर कार्रवाई की। इस दौरान तस्करों और फोर्स के बीच फायरिंग भी हुई। जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने फैक्ट्री का दौरा किया है।
आईजी विकास कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में तैयार करीब 100 किलो से ज्यादा रॉ ड्रग्स मिली है, जिसके सूखते ही सप्लाई के लिए एमडी तैयार होगी। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 100 करोड़ हो सकती है। उन्होंने बताया कि टास्क फोर्स ने घेराबंदी कर आधी रात के बाद में जब इस फैक्ट्री पर छापा मारा तो तस्करों में खलबली मच गई। इस दौरान तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। तस्करों ने 10 से 12 राउंड फायर किया, जिसके जवाब नें फोर्स के जवानों ने भी फायरिंग की। मौके से भागते हुए फैक्ट्री के मुख्य तस्कर सहित छह लोगों को पकड़ा है। एक तस्कर की टांग भी टूट गई। फिलहाल पुलिस ने तस्करों के नाम का खुलासा नहीं किया है। उनके नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
गुजरात एटीएस के साथ की थी कार्रवाई :
गत वर्ष दिसंबर में शेरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सोईतरा गांव में जोधपुर ग्रामीण पुलिस और गुजरात एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स तैयार करने वाली एक बड़ी अवैध लैब का खुलासा किया था। शेरगढ़ थाना क्षेत्र के सोईतरा में यह कार्रवाई हुई थी। वहां उपलब्ध केमिकल और तैयार सामग्री एमडी ड्रग बनाने की तैयारी थी। इसमें 6 लोगों को गिरफ्तार किया था।
पहले भी एनसीबी कर चुकी है खुलासा :
जोधपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में एमडी ड्रग्स बनाने की सबसे पहले फैक्ट्री का खुलासा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने किया था। टीम ने जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक जगह पर छापा मारकर फैक्ट्री का पता लगाया था। इसके बाद जोधपुर शहर के विवेक विहार थाना क्षेत्र में भी एक वीरान खेत में ड्रग्स बनाने की सामग्री बरामद हुई थी। इसके अलावा सिरोही में भी फैक्ट्री का खुलासा हो चुका है।









