नूंह में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने फूंका राहुल गांधी का पुतला
नूंह, 23 अप्रैल । नूंह में भारतीय जनता पार्टी की ओर से महिला आरक्षण बिल को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वैशाली तोमर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका और विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) को लेकर विपक्षी दलों के रुख के विरोध में किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विपक्ष पर महिला विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया।
इस दौरान वैशाली तोमर ने कहा कि महिला आरक्षण बिल देश की महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस महत्वपूर्ण विधेयक का समर्थन करने में विफल रहे, जिससे उनकी सोच स्पष्ट होती है। उनके अनुसार, यह बिल महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर देगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। हरियाणा सरकार का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों में महिलाओं को पहले से ही पर्याप्त आरक्षण दिया जा चुका है, जिससे उनकी भागीदारी बढ़ी है।









