रात में फसल तौलाने के मामले में फंसे सहकारी संघ जैतपुर केंद्र प्रभारी,निलंबन की संस्तुति
महोबा, 22 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में रात के अंधेरे में चहेते किसानों की तौल करने के मामले में केंद्र प्रभारी पर शिकंजा कसता जा रहा है। किसानों ने सरकारी खरीद केंद्र पर रात में तौल कराने की फोटो उच्चाधिकारियों को भेजी थी। साथ ही शासन के जनसुनवाई पोर्टल पर भी मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच और किसानों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें आरोप सही पाए गए। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर जैतपुर सहकारी संघ के केंद्र प्रभारी के निलंबन की संस्तुति की गई है।
सहकारी संघ जैतपुर में किसानों के साथ पक्षपात की शिकायत पिछले दिनों दर्ज कराई गई थी। किसान जगदीश राजपूत ने रात में चहेते किसानों की तौल कराने का आरोप लगाया था।
मामले में सहायक निबंधक सहकारिता अर्जेंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि जैतपुर कस्बा के किसानों ने सरकारी गेहूं खरीद केंद्र में रात में तौल कराने की उच्चाधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई गई थी। साथ ही जन सुनवाई पोर्टल पर भी इसकी शिकायत की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी जांच कराई गई है। जांच में सामने आया कि रात में जो तौल हो रही थी वह गेहूं व्यापारियों का नहीं था, बल्कि किसानों का था। नियम शाम को साढ़े छह बजे तक खरीद करने का है, लेकिन वह देर रात तक खरीद कर रहे थे। इस पर निलंबन की संस्तुति की गई है।
वहीं केंद्र प्रभारी राजकिशोर ने बताया कि किसानों की अधिक भीड़ एकत्र थी और वह तौल कराने पर अड़े थे। लड़ने पर आमादा थे तो तौल करानी पड़ी।









