मामूली विवाद में भतीजे ने की फूफा की हत्या
पश्चिमी सिंहभूम, 02 अप्रैल । जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमपुर गांव में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
एक मुर्गी को पत्थर मारने की घटना से शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि भतीजे (अपनी बहन का बेटा) सहित चार लोगों ने दामू सिंकू (53) की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना बुधवार की बताई जा रही है।
मृतक की पत्नी अनीता सिंकू और बेटे मारतम सिंकू ने बताया कि दामू सिंकू और उनके भतीजे परगना सिंकू की पत्नी पेलोंग सिंकू के बीच मुर्गी को पत्थर मारने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में यह केवल कहासुनी थी, लेकिन धीरे-धीरे मामला गंभीर हो गया।
परिजनों के अनुसार, दोपहर में परगना सिंकू अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। उसके साथ डोबरो सिंकू, कुसुन सिंकू और पेलोंग सिंकू भी मौजूद थे। आरोप है कि चारों ने मिलकर दामू सिंकू पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दामू सिंकू के सिर पर गंभीर चोट लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत टोंटो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार देर रात दामू सिंकू की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपित परगना सिंकू मृतक का भतीजा है। इस घटना ने पारिवारिक रिश्तों को भी झकझोर कर रख दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी अनीता सिंकू और तीन बेटों को छोड़ गए हैं।
मामले को लेकर टोंटो थाना प्रभारी सुकुमार हेंब्रम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।









