up-jalaun-ambedkar-park-protest

घटिया सामग्री से अंबेडकर पार्क निर्माण पर सवाल, लोगों ने किया विरोध

उरई, 02 अप्रैल । कोंच नगर पालिका क्षेत्र के नया पटेल नगर नहर कॉलोनी में निर्माणाधीन अंबेडकर पार्क को लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पार्क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए स्थानीय लाेग हाथों में ईंट लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि अंबेडकर पार्क के निर्माण के लिए सरकार द्वारा पर्याप्त धनराशि आवंटित की गई है। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। घटिया ईंट, सीमेंट व अन्य सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। धरने पर बैठे लोगों ने बताया कि यदि इसी तरह से निर्माण कार्य जारी रहा तो पार्क जल्द ही क्षतिग्रस्त हो जाएगा और सरकारी धन की बर्बादी होगी। वहीं इस पूरे मामले पर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि संबंधित अवर अभियंता अरुण कुमार को बुलाया गया है और जल्द ही मौके का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।