dig-crime-review-bareilly-rang

डीआईजी ने की अपराध नियंत्रण की समीक्षा, महिला सुरक्षा और लंबित विवेचनाओं पर दिए निर्देश

बरेली, 1 अप्रैल । बरेली परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और महिला सुरक्षा को लेकर बुधवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी ने की। इसमें बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में मुख्यमंत्री स्तर पर तय अपराध संबंधी बिंदुओं की समीक्षा की गई। हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, दहेज हत्या, पॉक्सो एक्ट, अपहरण, गोकशी, धर्मांतरण और सांप्रदायिक संघर्ष से जुड़े मामलों में अब तक हुई कार्रवाई पर चर्चा हुई। साथ ही माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई, निरोधात्मक कार्रवाई, एसआर केस और लंबित विवेचनाओं के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए।

डीआईजी ने ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन क्लीन और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत चल रही कार्रवाई की प्रगति भी जानी। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े अभियानों, मिशन शक्ति केंद्रों के संचालन और महिला बीट प्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया गया।