body-of-husband-wife-found-sta

पति-पत्नी के शव सोनकपुर रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे मिले, मामला संदिग्ध

मुरादाबाद में, 05 मार्च । मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में बुधवार को पति-पत्नी के के शव सोनकपुर रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे खून से लथपथ मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। चर्चा है कि शादी के 8 वर्ष तक संतान न होने को लेकर चल रहे घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटनास्थल से आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना मझोला क्षेत्र के नया गांव निवासी विनोद की शादी 8 साल पहले ममता से हुई थी। संतान न होने को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव बताया जा रहा है। विनोद ममता के परिजन शीला व राजकुमार ने बताया कि लंबे समय तक संतान न होने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।बुधवार देर शाम भी दोनों के बीच आपसी विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों घर से चले गए और फिर हमें पुलिस के द्वारा सूचना मिली कि चाकुओं से गुदे हुए दोनों के शव सोनकपुर ओवर ब्रिज के नीचे पड़े हुए हैं।

पुलिस के अनुसार पति ने पत्नी पर चाकू से कई वार किए। इससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसके बाद उसने स्वयं को भी चाकू मार लिया और उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पत्नी की हत्या के मामले में हत्या के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।