dholpur-district-jail-inspection

सचिव एवं सीजेएम ने किया जिला कारागृह का निरीक्षण

धौलपुर, 27 फ़रवरी । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धौलपुर की सचिव एडीजे रेखा यादव एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति सिंह मीणा ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से जिला कारागृह धौलपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कारागृह में निरुद्ध बंदियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं एवं विधिक सहायता की स्थिति का अवलोकन किया। सचिव रेखा यादव ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उन्हें उपलब्ध विधिक सहायता योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जा रही निःशुल्क विधिक सहायता की भी बंदियों को जानकारी दी। विचाराधीन बंदियों के प्रकरणों की प्रगति के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिए गए कि पात्र बंदियों को शीघ्र विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए और लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयों का स्टॉक एवं आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की भी जानकारी ली एवं जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि बंदियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा के मानकों का पूर्ण पालन किया जाए। इस मौके पर जेलर पूरन सहित कारागृह का स्टॉफ एवं बंदीजन मौजूद रहे।