time-limit-review-meeting

बलरामपुर : समय-सीमा की बैठक में राजस्व व योजनाओं की समीक्षा

बलरामपुर, 23 फ़रवरी । संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साेमवार काे कलेक्टर राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व प्रकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने अनुविभाग एवं तहसीलवार राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी मामलों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक सेवा केंद्र में लंबित प्रकरण, अविवादित एवं विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, त्रुटि सुधार, सीमांकन, डायवर्सन, आधार प्रविष्टि, अभिलेख शुद्धता तथा भू-अर्जन से जुड़े मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पीएम जनमन आवास की प्रगति की समीक्षा करते हुए पुराने लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विशेष पिछड़ी जनजातियों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। मैदानी स्तर पर विशेष अभियान चलाकर शेष पंजीयन पूर्ण करने और विशेष रूप से पीवीटीजी परिवारों को प्राथमिकता देने को कहा।

आकांक्षी विकासखंड की समीक्षा के दौरान विभिन्न सूचकांकों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने पर भी बल दिया गया।

पोषण पुनर्वास केंद्र के संचालन की समीक्षा करते हुए बच्चों की भर्ती, पोषण स्थिति और रिकवरी दर की जानकारी ली गई। प्रत्येक बच्चे को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने, डिस्चार्ज के बाद नियमित फॉलो-अप और स्वास्थ्य निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने और लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया। आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति की कार्ययोजना तैयार करने, जल स्रोतों की नियमित मॉनिटरिंग, हैंडपंप एवं पाइपलाइन की समय पर मरम्मत तथा आवश्यकता पड़ने पर टैंकर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संभावित जल संकट वाले क्षेत्रों की पूर्व पहचान कर समय रहते निराकरण करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आरएस लाल, अभिषेक गुप्ता सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।