पर्यटन स्थलों के सुनियोजित विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता जताई
जयपुर, 19 फ़रवरी । उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के पर्यटन स्थलों के सुनियोजित विकास तथा पर्यटकों को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सतत प्रयासों का परिणाम है कि लंबे अंतराल के बाद राजस्थान पर्यटन विकास निगम लाभ की स्थिति में पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र निम्बाहेड़ा के जनजाति बहुल क्षेत्र छोटी सादड़ी का विभागीय स्तर पर परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षण प्रतिवेदन के आधार पर इसे जनजातीय पर्यटन परिपथ में शामिल करने के संबंध में निर्णय किया जाएगा।
वे प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्रीचन्द कृपलानी द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रही थीं। मंत्री ने कहा कि जनजातीय पर्यटन परिपथ की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन का प्रारूप तैयार होने के बाद निर्माण कार्य में लगने वाले संभावित समय की जानकारी दी जा सकेगी।
इससे पूर्व सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा क्षेत्र निम्बाहेड़ा के ऐतिहासिक, पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने संबंधी वर्तमान में विभाग में कोई प्रस्ताव अथवा कार्ययोजना विचाराधीन नहीं है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा राजस्थान पर्यटन नीति-2025 लागू की गई है। पर्यटन विकास से संबंधित प्राप्त प्रस्तावों पर पारस्परिक प्राथमिकता के आधार पर निर्णय किया जाता है।









