अंबिकापुर : कनिका कपूर की धमाकेदार लाइव परफॉर्मेंस के साथ मैनपाट महोत्सव 2026 का भव्य समापन
अंबिकापुर ,16 फरवरी । सरगुजा जिले में 13 से 15 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का भव्य समापन रविवार को देर शाम उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। अंतिम दिवस का सबसे बड़ा आकर्षण बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध गायिका कनिका कपूर की धमाकेदार लाइव प्रस्तुति रही, जिसने पूरे महोत्सव को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में मौजूद दर्शक देर रात तक संगीत की धुनों पर झूमते रहे और तालियों की गूंज से पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।
कनिका कपूर ने मंच से अपने लोकप्रिय सुपरहिट गीत “चिट्टियां कलाइयां”, “बेबी डॉल”, “यार ना मिले” सहित कई चर्चित बॉलीवुड गानों की शानदार प्रस्तुति दी। उनके गीतों की लय पर दर्शकों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। रंग-बिरंगी रोशनी, साउंड सिस्टम और भीड़ का जोश पूरे आयोजन को एक भव्य संगीत समारोह में बदलता नजर आया। वहीं रायगढ़ के कलाकार राकेश शर्मा ने भक्ति, सूफी और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव की अंतिम शाम गीत-संगीत, नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार रही। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रस्तुत शिव भजन और शिव ताण्डव नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्होंने पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण का सृजन कर दिया। दर्शकों ने भक्ति भाव से इन प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति की खूब सराहना की।
स्थानीय कलाकारों में राहुल मण्डल, मानवी भगत, जय किशन विश्वास, शिवम सिन्हा सहित अन्य प्रतिभाओं ने मंच पर अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। अन्य जिलों से आए कलाकारों में कोरिया जिले के सचिन्द्र कुमार एवं मनेन्द्रगढ़ की जसमीत कौर ने भी मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। बिलासपुर की नृत्यांगना ज्योति श्री वैष्णव ने कत्थक नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर शास्त्रीय कला की गरिमा को मंच पर जीवंत कर दिया। इसके साथ ही आनंद कुमार गुप्ता मदारी आर्ट ग्रुप द्वारा प्रस्तुत भजन, संगीत एवं लोकनृत्य ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं का यह अनोखा संगम महोत्सव को बहुरंगी और बहुआयामी स्वरूप देता नजर आया।
महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित कवि सम्मेलन ने भी साहित्य प्रेमियों को विशेष आनंद प्रदान किया। जिले के ख्यातिप्राप्त कवियों ने ओज, श्रृंगार, हास्य और व्यंग्य रस से भरपूर कविताओं का पाठ किया। ओजपूर्ण रचनाओं ने जहां दर्शकों में देशभक्ति और ऊर्जा का संचार किया, वहीं हास्य कविताओं ने लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
कवि सम्मेलन में विनोद हर्ष, संतोष सरल, देवेंद्र नाथ दुबे, अंचल सिन्हा, योगेन्द्र गहरवार, राजेश पाण्डेय, आशा पांडे, पूनम दुबे, प्रकाश कश्यप, माधुरी जायसवाल, सपन सिन्हा, मुकुंद लाल साहू, अनीता मंदिलवार, कृष्णकांत पाठक, राजेन्द्र विश्वकर्मा एवं रंजीत सारथी सहित कई कवियों ने अपनी प्रभावशाली रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 के दौरान सांस्कृतिक विविधता, लोककला, साहित्य, संगीत और मनोरंजन का अद्भुत समागम देखने को मिला। कनिका कपूर की धमाकेदार प्रस्तुति, शिव भजन-शिव ताण्डव और कवि सम्मेलन के साथ यह महोत्सव सरगुजा की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूती देने वाला साबित हुआ।









