अपहरण और हत्या का झूठा खेल, प्रधान प्रतिनिधि को फंसाने में दो गिरफ्तार
सीतापुर, 13 फ़रवरी । कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में उस समय हड़कम्प मच गया, जब अपहरण और हत्या की सनसनीखेज सूचना ने पुलिस महकमे को अलर्ट कर दिया। हालांकि जांच के बाद पूरा मामला झूठा निकला और खुद के अपहरण व हत्या का नाटक रचने वाले दो लोगों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शाहमहोली निवासी तौफीक ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके चाचा इस्लाम और भाई तहसीम का सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर बड़ागांव के पास नहर की पुलिया से अपहरण कर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात इंस्पेक्टर अमर सिंह व सीओ सदर नेहा त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों के हंगामे के बीच पुलिस ने जांच शुरू की।
छानबीन में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस्लाम और तहसीम ने गांव के प्रधान प्रतिनिधि से पुरानी रंजिश के चलते साजिश रची थी। आरोपितों ने नहर किनारे कार खड़ी कर उसमें खून के छींटे डाले, चाबी और मोबाइल छोड़ दिए, ताकि घटना असली लगे। बाद में परिजनों से झूठी सूचना दिलवाई गई।
पुलिस ने दबिश देकर दोनों को नानकारी पुलिया के पास से बरामद किया। पूछताछ में उन्होंने साजिश स्वीकार कर ली। थाना प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफम्संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।









