एचईसी में हटिया मजदूर यूनियन की सभा, 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान
रांची, 11 फरवरी । हटिया मजदूर यूनियन (सीटू) की ओर से बुधवार को एचईसी स्थित एफएफपी शेड में एक सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित एचईसी कर्मियों ने सर्वसम्मति से 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया और मजदूरों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए चार श्रम संहिताएं (लेबर कोड) मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करने वाले प्रावधानों से युक्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये कानून कॉरपोरेट हितों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं और पुराने श्रम कानूनों को कोड में बदलकर उन्हें प्रभावहीन कर दिया गया है। उनके अनुसार नई व्यवस्था में श्रमिकों को मालिक की शर्तों पर काम करने की स्थिति में धकेला जा रहा है और हड़ताल के अधिकार को भी जटिल प्रावधानों के माध्यम से सीमित कर दिया गया है।
भवन सिंह ने कहा कि हड़ताल करने पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान किया गया है तथा पारंपरिक इंस्पेक्टर व्यवस्था समाप्त कर ‘फैसिलिटेटर’ प्रणाली लागू की गई है। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन और जटिल बना दिया गया है, जिससे मजदूरों की समस्याओं का त्वरित समाधान बाधित हो रहा है।
बैंक फेडरेशन के नेता एम.एल. सिंह ने बताया कि नौ फरवरी को हुई वार्ता के बाद 25 फरवरी को रांची में पुनः बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में पदोन्नति, पदक्रम, पुरानी मांगों की बहाली तथा अवकाश संबंधी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
अन्य वक्ताओं ने कहा कि मजदूरों की पूर्व में स्वीकृत मांगों में किसी भी प्रकार की कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी। सभा को बैंक फेडरेशन के नेता एम.एल. सिंह, कनक मुखर्जी और परिवहन नेता एस.के. राय ने भी संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता हरेंद्र प्रसाद ने की।









