वाटिका के मोहनपुरा में कौशल केंद्र शुरू , सिलाई से बदलेगी 35 परिवारों की जिंदगी
जयपुर, 09 फ़रवरी । सेवायाम संस्था पाकिस्तानी विस्थापित महिलाओं के जीवन में नई रोशनी भर रहा है। वाटिका क्षेत्र के मोहनपुरा गांव में रह रहे पाक विस्थापित परिवारों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई है। यहां महिलाओं को सिलाई कार्य का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाएगा। हिंदू शरणार्थी सेवा समिति के सहयोग से इन परिवारों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देना और आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जाएगा।
मोहनपुरा गांव में निवास कर रहे 35 परिवारों सहित लगभग 300 पाक विस्थापित लोगों के भरण-पोषण और सामाजिक पुनर्वास में सेवायाम संस्था लगातार सक्रिय है। संस्था की इस पहल से महिलाओं को हुनर मिलेगा और परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं को सिलाई मशीन पर कार्य का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे महिलाएं घर बैठे रोजगार कर सकेंगी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएंगी। इसके साथ ही पुरुष वर्ग के लिए भी रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इस अवसर ग्रेटर निगम की पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने कहा कि महिलाओं को कौशल देकर आत्मनिर्भर बनाना ही सच्चा सशक्तीकरण है। जब महिला आगे बढ़ती है, तो पूरा परिवार और समाज आगे बढ़ता है। कौशल, स्वावलंबन और आत्मविश्वास के जरिए पाक विस्थापित महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोडऩे का यह प्रयास आने वाले समय में एक मिसाल बनेगा।









