bhattu-panahayat-samiti

फतेहाबाद : अनु सरबटा बनी भट्टू पंचायत समिति की अध्यक्ष, 21 में से 17 सदस्यों का समर्थन

फतेहाबाद, 09 फरवरी । जिले की भट्टू पंचायत समिति अध्यक्ष का सोमवार को चुनाव किया गया। भट्‌टू पंचायत समिति वार्ड नंबर पांच की सदस्य अनु सरबटा को नया अध्यक्ष चुना गया है। 21 सदस्यों में से 17 सदस्यों ने अनु का समर्थन किया है। नई अध्यक्ष के चुनाव के बाद सदस्यों ने पूर्व विधायक दुड़ाराम के साथ खुशी मनाई। इस मौके पर बंसीलाल भीगासरा के प्रतिष्ठान पर पहुंची अनु सरबटा का ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। बंसीलाल भीगासरा ने सभी पंचायत समिति सदस्यों का आभार जताया और कहा कि सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। बता दें कि 22 जनवरी को भट्टू पंचायत समिति की अध्यक्ष ज्योति लूणा को कुर्सी से हटा दिया गया था, उस दिन 21 में से 18 सदस्यों ने ज्योति लूणा के खिलाफ वोटिंग की थी। नई अध्यक्ष के चुनाव को लेकर राज्य चुनाव आयोग की ओर से 9 फरवरी का दिन निर्धारित किया गया था। सोमवार को भट्‌टू पंचायत समिति कार्यालय में इसको लेकर चुनाव मीटिंग हुई। मीटिंग में 21 में से 17 सदस्यों ने अनु सरबटा को अपना समर्थन दिया। इसी के साथ साल 2027 के शेष बचे कार्यकाल के लिए अनु सरबटा कुर्सी संभालेगी। हालांकि, साल 2024 में भी ज्योति लूणा की कुर्सी गिराने के प्रयास हुए थे, मगर उस समय ज्योति अपनी कुर्सी बचाने में सफल हो गई थी। 31 दिसंबर 2024 को अविश्वास प्रस्ताव पर हुई मीटिंग के दौरान सिर्फ ज्योति अकेली ही पहुंची थी। इस कारण उस दौरान उनके खिलाफ बहुमत साबित नहीं हो पाया था।दरअसल, ज्योति लूणा को साल 2022 में तत्कालीन बीजेपी विधायक दुड़ाराम ने ही अध्यक्ष बनाया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच खटास आ गई। 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान ज्योति लूणा के परिवार ने दुड़ाराम से बगावत कर दी। वह खुले तौर पर कांग्रेस प्रत्याशी बलवान दौलतपुरिया के समर्थन में उतर गए। इससे भट्‌टू क्षेत्र में दुड़ाराम का ग्राफ घट गया, यही कारण रहा कि विधानसभा चुनाव में दुड़ाराम को हार का मुंह देखना पड़ा। इसके बाद से दुड़ाराम ने ज्योति लूणा को कुर्सी से हटाने की कोशिशें तेज कर दी थी। अब दुड़ाराम ने कांग्रेस समर्थक अध्यक्ष को हटाकर विस चुनाव की हार का एक तरह से बदला ले लिया।भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दुड़ाराम ने नई अध्यक्ष के तौर पर अनु सरबटा के चयन पर कहा कि तीन साल पहले जब चुनाव हुए थे, उस समय तय हुआ था कि ढाई-ढाई साल के लिए ज्योति लूणा और अनु सरबटा अध्यक्ष रहेंगी, मगर वह उस बात पर खरे नहीं उतरे। जिस भाजपा पार्टी ने उन्हें बनाया, उसे ही छोडक़र चले गए। उन्हें पूरी उम्मीद है कि नई अध्यक्ष सभी सदस्यों के साथ मिलकर अब भट्टू ब्लॉक में रूके हुए विकास कार्य तेजी से करवाएंगी। प्रदेश सरकार द्वारा पहले भी खूब बजट दिया गया है।