gov-recieived-178cr-from-centr

स्‍टेट आरोग्य सोसायटी को केंद्र सरकार से मिला 178 करोड़

रांची, 09 फ़रवरी । झारखंड स्टेट आरोग्य सोसायटी को चालू वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार से 275 करोड़ रुपए और केंद्र सरकार से 178 करोड़ रुपए राशि प्राप्त हुई है। यह बातें राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकार, नई दिल्ली के मुख्य वित्तीय पदाधिकारी गयासुद्दीन अहमद नेे सोमवार को झारखंड स्टेट आरोग्य सोसायटी के साथ के साेसायटी स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कही।

आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत आयोजित इस बैठक के दौरान गयासुद्दीन अहमद ने आयुष्मान भारत–मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। इसके अलावे उन्होंने योजना की समग्र प्रगति, पोर्टेबिलिटी, उपचार पैकेजों के उपयोग और पुनः भर्ती (री-एडमिशन) के मामलों पर चर्चा की।

बैठक में साेसायटी के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन ने बताया कि झारखंड में लाखों परिवार इस योजना के अंतर्गत आच्छादित हैं। करोड़ों लाभुकों को माध्यमिक और तृतीयक स्तर की चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राज्य में बड़ी संख्या में सरकारी और निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं, जहां हजारों प्रकार के उपचार पैकेजों के माध्यम से गंभीर से गंभीर बीमारियों का निःशुल्क इलाज संभव हो पाया है।

उन्होंने बताया कि पोर्टेबिलिटी आंकड़ों के विश्लेषण से यह आकलन किया गया कि किन राज्यों और उपचार पैकेजों में बाह्य-राज्य इलाज का दबाव अधिक है, ताकि राज्य में ही उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा सके। इसके साथ ही पैकेज के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए एआई आधारित निगरानी प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

समीक्षा बैठक में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष छवि रंजन, महाप्रबंधक प्रवीण चंद्र मिश्रा, वरिष्ठ परामर्शी सुनील प्रसाद सिंह, विश्वजीत प्रसाद, वैभव राय सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।