सूरजपुर : ग्राम पंचायत देवीपुर में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन
सूरजपुर, 09 फ़रवरी । प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर के मार्गदर्शन में सोमवार को ग्राम पंचायत देवीपुर में वृहद कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय) आनंद प्रकाश वारियाल ने की। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणजनों को सरल भाषा में कानून की बारीकियों से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज अभिभावक बच्चों को मोबाइल तो उपलब्ध करा देते हैं, लेकिन मोबाइल के उपयोग पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने पॉक्सो एक्ट एवं आईटी एक्ट से संबंधित उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सभी अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की मोबाइल गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखें, क्योंकि बालपन में बच्चे गलत चीजों की ओर जल्दी आकर्षित हो जाते हैं।
उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति स्वयं को न्याय की लड़ाई में कमजोर न समझे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रत्येक जरूरतमंद के साथ खड़ा है और निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह प्रदान करता है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए नालसा के टोल फ्री नंबर 15100, नालसा की वेबसाइट अथवा जिला न्यायालय परिसर में स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की जानकारी देते हुए लोक अदालत के लाभों पर प्रकाश डाला गया। साथ ही मध्यस्थता प्रक्रिया के संबंध में बताया गया कि यह एक स्वैच्छिक, त्वरित एवं गोपनीय प्रक्रिया है, जिसमें एक निष्पक्ष मध्यस्थ की सहायता से विवादों का आपसी सहमति से समाधान किया जाता है, जिससे समय, धन और संबंधों की बचत होती है।
इसके अतिरिक्त मोटर वाहन अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, आबकारी अधिनियम, टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं कैरियर गाइडेंस विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका न्यायाधीश द्वारा सरलता से समाधान किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत देवीपुर के सरपंच अवध सिंह, एनएसएस प्रभारी शिक्षक योगेश पाण्डेय, पीएलवी सत्य नारायण, उमेश कुमार राजवाड़े, एनएसएस के छात्र-छात्राएं तथा ग्राम के महिला एवं पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









