जानलेवा हमले के आरोपितों को सात- सात साल की सजा
जोधपुर, 6 फरवरी । अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जोधपुर जिला नेहा शर्मा ने जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपितों को सात-सात साल की सजा सुनाई।
4 सितंबर 2017 को सुबह करीब 11.30 बजे पीपाड़ थाना क्षेत्र के तालाब की ढाणी के आगे परिवादी बरकत अली व उसके साथी मेउदीन के ऊपर जान के मारने की नीयत से हुए जानलेवा हमले के मामले में न्यायालय ने तीन आरोपित रमजान खां, उम्मेद अली, रहमततुला को धारा 307,323,341,326 भारतीय दण्ड संहिता में 7-7 साल की सजा व विभिन्न धाराओं में 15,750 रुपये प्रत्येक अभियुक्त पर जुर्माना लगाया। राज्य सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक मयंक रांकावत ने पैरवी की।
वहीं परिवादी अधिवक्ता आर.के.मेहर व उनके सहयोगी अधिवक्ता अमीन खान मेहर ने बताया कि परिवादी बरकत अली व मेउदीन अपने निजी कार्य से अपनी बोलेरो कैम्पर गाड़ी में सिंधीपुरा से नाथुनगर की ऒर जा रहे थे तभी पीछे से एक ट्रॉली रहित ट्रेक्टर व बोलेरो गाड़ी उनके पीछे तेज गति से आई और बोलेरो का पीछा करना शुरू कर दिया। गाड़ी बगड़की गाँव पहुंची तो गाँव के मोड़ पर सामने से एक गाड़ी आई और परिवादी की गाड़ी को रोक दिया। उन सभी के पास सरिये व कुल्हाड़ी थी। गाड़ी से नीचे उतरते ही मुल्जिमानों ने परिवादी व उसके साथी के साथ जान से मारने की नीयत से हथियारों से हमला कर दिया। जिसमे परिवादी व उसके साथी के सिर व शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गंभीर चोटें आई।









