क्यूएस इंडिया समिट 2026 में मध्य प्रदेश की वैश्विक उड़ान
भोपाल, 03 फरवरी । गोवा में आयोजित क्यूएस इंडिया समिट-2026 में मध्य प्रदेश ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक महत्वाकांक्षाओं को मजबूती से रखा। मप्र के उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) अनुपम राजन ने इस समिट न्यूजीलैंड की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ कैंटरबरी के डेलीगेट्स से वन-टू-वन संवाद कर शोध, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग पर सार्थक चर्चा की।
गोवा में एक फरवरी से शुरू हुई तीन दिवसीय क्यूएस इंडिया समिट-2026 का मंगलवार को समापन हुआ। अंतिम दिन मप्र उच्च शिक्षा विभाग के एसीएस अनुपम राजन ने सक्रिय सहभागिता कर फॉरेन यूनिवर्सिटीस के साथ सहयोग, संयुक्त अनुसंधान और क्षमता निर्माण को लेकर अपनी ठोस रणनीति प्रस्तुत की। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैंटरबरी के डेलीगेट्स से चर्चा के दौरान कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में मध्य प्रदेश को उच्च शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारी, संयुक्त अनुसंधान और शैक्षणिक आदान-प्रदान बेहद आवश्यक हैं। समिट में सस्टेनेबिलिटी, रिसर्च-ओरिएंटेड लर्निंग और नवोन्मेषी शिक्षण पद्धतियों पर विशेष जोर दिया गया।
गौरतलब है कि वर्ष 1873 में स्थापित यूनिवर्सिटी ऑफ कैंटरबरी न्यूजीलैंड की अग्रणी रिसर्च यूनिवर्सिटी है। यह विश्व की शीर्ष 300 यूनिवर्सिटियों में शामिल है। कला, वाणिज्य, कानून, इंजीनियरिंग और विज्ञान जैसे विषयों में इसकी वैश्विक पहचान है। तीन दिवसीय क्यूएस इंडिया समिट-2026 में मध्य प्रदेश की सहभागिता उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ग्लोबल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। इस समिट में मप्र उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त प्रबल सिपाहा, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ. सुनील सिंह, राकेश श्रीवास्तव, मनोज अग्निहोत्री सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।









