kangra-martyrs-day-kewal-patha

अहिंसा और नैतिकता का मार्ग ही सच्ची श्रद्धांजलि : केवल सिंह पठानिया

धर्मशाला, 30 जनवरी । राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बडंज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीदी दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि महात्मा गांधी अहिंसक प्रतिरोध के अग्रदूत थे और उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नैतिकता की नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि बापू का बलिदान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा और मानवता जैसे सार्वकालिक मूल्यों के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान था। गांधी जी ने राजनीति में नैतिकता का समावेश कर यह संदेश दिया कि लक्ष्य जितना पवित्र हो, उसे प्राप्त करने का मार्ग भी उतना ही पवित्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती या शहीदी दिवस पर केवल औपचारिकताएं निभाने से अधिक आवश्यक है कि हम उनके दिखाए अहिंसा, सत्य और स्वच्छता के मार्ग पर व्यवहारिक रूप से आगे बढ़ें—यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने विद्यालय में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया तथा अपनी ओर से प्राइमरी स्कूल हरनेरा व सलवाना सेंटरों के लगभग 80 बच्चों को स्कूल बैग भेंट किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलवीर ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए नवनिर्मित कमरों के लिए आभार व्यक्त किया।