जिला पंचायत बैठक में जल जीवन मिशन की गड़बड़ी समेत उठे अन्य मुद्दे
नैनीताल, 29 जनवरी । गुरुवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल की अध्यक्षता में हुई जिला पंचायत नैनीताल की बोर्ड बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत कार्यों में गड़बड़ी, ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव तथा निराश्रित पशुओं की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 की विकास योजनाओं पर चर्चा के दौरान सदस्यों ने बताया कि कई क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के बावजूद घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। पर्वतीय क्षेत्रों में पीएचसी और सीएचसी में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे और 108 एंबुलेंस सुविधा न होने की शिकायत पर मुख्य चिकित्साधिकारी को रामगढ़, धारी, ओखलकांडा और बेतालघाट में प्रतिमाह शिविर लगाने और बाहर की दवाएं लिखने पर रोक की निगरानी के निर्देश दिए गए।
निराश्रित पशुओं को लेकर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद की गौशालाओं में क्षमता से अधिक 3100 गोवंश हैं और मालधनचौड़ रामनगर में नई गौशाला के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। सदस्यों ने जंगली जानवरों से फसल और जानमाल के नुकसान पर वन विभाग से फेंसिंग और नियमित गश्त की मांग की। बैठक में सड़कों की मरम्मत, कूड़ा निस्तारण और आंतरिक मार्गों की सफाई के भी निर्देश दिए गए। बैठक में उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, केडी रूवाली, मंजू नेगी सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।









