हिमपात और लंबे अवकाश के बीच सप्ताहांत पर नैनीताल पहुंचे हैं रिकॉर्ड पर्यटक
नैनीताल, 25 जनवरी । नैनीताल में वीकेंड के दौरान हुए हिमपात के बाद सरोवर नगरी में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंचे। बड़ी संख्या में सैलानियों के नगर पहुंचने के बाद से होटलों में कमरे ढूंढने में पर्यटकों को मेहनत करनी पड़ रही है।
रविवार को नैनीताल के हिमालय दर्शन, किलबरी सहित सभी दर्शनीय स्थलों पर भीड़ रही और मल्लीताल पंत पार्क में सुबह से मेले जैसा माहौल दिखाई दिया।
साथ ही नैनी झील में नौकायन के लिए उत्साह रहा, जबकि नैना देवी मंदिर में दर्शनार्थियों की लंबी पंक्तियां लगी रहीं। प्राणी उद्यान, रोपवे, बारापत्थर घोड़ा स्टैंड, कैंचीधाम और घोड़ाखाल स्थित गोल्ज्यू मंदिर में भी भारी भीड़ रही। चार दिनों के अवकाश के बीच रविवार को नगर में 20 हजार से अधिक पर्यटक और पांच हजार से अधिक वाहन पहुंचने का अनुमान है।
पर्यटकों की संख्या बढ़ने से टैक्सी संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि नैनीताल से भवाली और हल्द्वानी मार्ग पर तथा बर्फबारी का आनंद लेने के लिए हिमालय दर्शन जाने के लिए सामान्य किराये की तुलना में कई गुना अधिक धनराशि ली जा रही है। रोडवेज बसों के सीमित संचालन और केमू बसों को नगर में प्रवेश न मिलने से जाम की स्थिति बनी हुई है।
कालाढूंगी मार्ग पर भी यातायात प्रभावित रहा। बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण लौटते समय पर्यटकों को कठिनाई हो रही है और निजी वाहनों पर निर्भरता बढ़ने से उनकी जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।
नैनीताल होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट ने बताया कि हिमपात से सप्ताहांत पर पर्यटन को बड़ा बूस्ट दिया है। कल मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान पुलिस ने अन्य भीड़भाड़ के मौकों की तरह पर्यटकों को नगर में आगमन से नहीं रोका। ऐसे में नगर में 70 से 80 फीसद तक होटल पैक हैं।









