jh-angry-mla-staged-a-sit-in-protest-after-saraswa

विद्यालय में सरस्वती पूजा नहीं होने से नाराज विधायक ने दिया धरना

पलामू, 23 जनवरी । जिले के नीलांबर पीतांबरपुर प्रखंड के लेस्लीगंज बाजार स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में सरस्वती पूजा नहीं होने से नाराज पांकी विधायक डॉ कुशवाहा शशि भूषण मेहता ने शुक्रवार को धरना दिया।

मौके पर उन्‍होंने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार को जमकर फटकार लगाई और शिक्षा विभाग के वरीय पदाधिकारियों से इसकी शिकायत की।

उल्‍लेखनीय है कि विद्यालय की स्थापना आजादी से पूर्व 1872 में की गई थी, तब से लेकर अब तक प्रत्येक वर्ष विद्यालय में मां सरस्वती की प्रतिमा रखकर बड़े ही धूमधाम से पूजा होते चली आ रही थी, लेकिन इस वर्ष प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार ने पूजा को बंद करा दिया।

इसकी सूचना मिलने पर पांकी विधायक मौके पर पहुंचे और विद्यालय के मुख्य द्वारा पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। उन्‍होंने मां सरस्वती की तस्वीर मंगा कर पूजा अर्चना की और प्रसाद का वितरण किया। साथ ही उन्‍होंने मौके पर भजन कीर्तन भी किया। उन्‍होंने विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन पर भी सवाल उठाया।

विधायक ने कहा कि प्रधानाध्यापक अपनी मर्जी से जाफर खान नामक एक व्यक्ति को रखे हुए हैं। उन्‍होंने बीइइओ को तत्काल विद्यालय प्रबंधन समिति और संयोजक को हटाने काे कहा। विधायक ने कहा कि इस प्रकार से पूजा में बाधा पैदा करना बहुत ही गलत बात है। हमें लगता है कि हम हिंदुस्तान में नहीं बल्कि पाकिस्तान में रह रहे हैं। ऐसे प्रधानाध्यापक जो शिक्षा की देवी मां सरस्वती की पूजा अर्चना से विद्यार्थियों को दूर करने का कार्य कर रहे हैं और मानसिक रूप से धर्म के प्रति घृणा रखते हैं उन्हें क्षेत्र में रहने का कोई अधिकार नहीं है। ऐसे प्रधानाध्यापक को तत्काल तबादला मदरसे में किया जाना चाहिए।

मौके पर जिला विधायक प्रतिनिधि सह मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेहता, सुनील कुशवाहा, छोटेलाल सोनी, दिलीप गोस्वामी, मंदीप मेहता, सुशील दुबे, आनंद कुमार कई लोग मौजूद थे।