jh-jharkhand-police-asi-demise

एएसआई महानायक तीयु का निधन, पुलिस केंद्र में दी गई अंतिम सलामी

पश्चिमी सिंहभूम, 02 जनवरी । जिले के चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंदरी गांव निवासी और झारखंड पुलिस में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) महानायक तीयु (53) का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, इसके बाद परिजनों ने उन्हें चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार की सुबह में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके बाद सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।

पोस्टमार्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को चाईबासा पुलिस केंद्र लाया गया, जहां विभाग की ओर से पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी गई। इस मौके पर डीएसपी देवेंद्र, सदर थाना प्रभारी सह डीएसपी तरुण कुमार सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और परिजन उपस्थित थे। सभी ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि दी।

मृतक एएसआई की पुत्री गीता ने बताया कि उनके पिता पिछले करीब पांच वर्षों से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और उनका नियमित इलाज चल रहा था। अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।

महानायक तीयु अपने पीछे पत्नी, पांच बच्चे और दो बहुएं छोड़ गए हैं। पुलिस विभाग के अधिकारी और सहकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि महानायक तीयु एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और अनुशासित पुलिसकर्मी थे। उनके निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।