बेड़ो में इंटर फॉर्म से वंचित छात्रों का प्रदर्शन, डीईओ ने दिए सुधार के आश्वासन
विद्यालय प्रशासन के अनुसार कई छात्रों की उपस्थिति (अटेंडेंस) कम होने के कारण उन्हें फॉर्म भरने से रोका गया है। दूसरी ओर, छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होतीं, शिक्षकों की भारी कमी है और भवन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, विज्ञान प्रयोगशाला और पुस्तकालय जैसी बुनियादी सुविधाएं वर्षों से बदहाल हैं। छात्रों का कहना है कि विद्यालय की अव्यवस्था की जिम्मेदारी उन पर डालना अनुचित है।
आदिवासी छात्र संघ (डीएसपीएमयू) के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कहा कि खराब व्यवस्था की सज़ा बच्चों को देना अमानवीय है और अटेंडेंस के नाम पर दंड उचित नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) विद्यालय पहुंचे और छात्रों व अभिभावकों से संवाद किया। लगभग दो घंटे चली वार्ता के बाद डीईओ ने आश्वासन दिया कि इंटर परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाई जाएगी, किसी भी छात्र को परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा, विद्यालय भवन की मरम्मत जल्द शुरू की जाएगी और पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र बहाल किया जाएगा
प्रदर्शन के दौरान पंकज उरांव, वीएचपी बेड़ो प्रखंड अध्यक्ष शासी टाइगर, और झामुमो कार्यकर्ता मुन्ना बड़ाईक भी मौजूद थे।————









