जगदलपुर : आरक्षक भर्ती परीक्षा में बस्तर संभाग के 1552 युवाओं का हुआ चयन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर 2023 को आरक्षक भर्ती के लिए पुलिस मुख्यालय रायपुर ने नोटिफिकेशन जारी किया था। 2023-24 के लिए बस्तर रेंज में 2 समितियों का गठन किया गया था। भर्ती केंद्र 1, जगदलपुर में सुकमा, बीजापुर, बस्तर और दंतेवाड़ा जिले के लिए SP शलभसिन्हा की अध्यक्षता में समिति बनाई गई थी। वहीं, भर्ती केंद्र- 2 कोंडागांव में नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर के लिए SP पंकज चंद्रा की अध्यक्षता में समिति गठित की गई। 16 नवंबर 2024 से 18 जनवरी 2025 तक 5वीं वाहिनी छसबल कंगोली, जगदलपुर और पुलिस लाइन कोंडागांव में अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच, शारीरिक नाप-जोख और शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया था।
प्रथम चरण में योग्य पाए गए अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल रायपुर की तरफ से 14 सितंबर 2025 को आयोजित किया गया था। जिसका रिजल्ट आज 9 दिसंबर 2024 को जारी किया गया है। जिसमें जिला नारायणपुर में 470 आरक्षक, जिला बीजापुर में 337 आरक्षक, जिला बस्तर में 334 आरक्षक, जिला सुकमा में 128 आरक्षक, जिला कांकेर में 125 आरक्षक, जिला कोंडागांव में 103 आरक्षक, जिला दंतेवाड़ा में 55 आरक्षक का चयन हुआ है, वहीं इसके अलावा आरक्षक मोटर वाहन चालक और अन्य ट्रेड आरक्षक पदों के लिए बस्तर रेंज के समस्त जिलों में कुल 91 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। जिससे पुलिस बल की गतिशीलता, तकनीकी दक्षता और परिचालन क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।









