गुरुग्राम: 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो में शहरी परिवहन प्रणाली पर होगी चर्चा
-केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तीन दिवसीय सम्मेलन का करेंगे शुभारंभ
गुरुग्राम, 6 नवंबर । यहां हयात होटल में 18वां अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) सम्मेलन एवं प्रदर्शनी-2025 का तीन दिवसीय आयोजन शुक्रवार से शुरू होगा। शुक्रवार 7 नवंबर से 9 नवंबर तक आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन ट्रांसपोर्ट (इंडिया) के माध्यम होने जा रहे इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर करेंगे। यह जानकारी शहरी आवासन मंत्रालय भारत सरकार के ओएसडी (शहरी परिवहन) जयदीप ने पत्रकार वार्ता में दी। इस अवसर पर जीएमआरएल के एमडी डॉ. चंद्र शेखर खरे, डीसी अजय कुमार, शहरी आवासन मंत्रालय भारत सरकार से निदेशक (एमआईटीएस) योगेश आंतिल उपस्थित थे।
इस आयोजन को हरियाणा सरकार एवं गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) का भी सहयोग है। आवासन मंत्रालय भारत सरकार के ओएसडी (शहरी परिवहन) जयदीप ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य शहरों को नवीनतम और श्रेष्ठ शहरी परिवहन उपायों की जानकारी देना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर हो रहे विकास और नवाचारों से निरन्तर अपडेट रह सकें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 8 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री राव इन्द्रजीत सिंह, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे। तीन दिवसीय सम्मेलन में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि, केंद्र एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, नीति निर्माता, मेट्रो रेल कंपनियों के प्रबंध निदेशक, परिवहन उपक्रमों के प्रमुख, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, पेशेवर एवं शैक्षणिक जगत से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे।
शहरी विकास और गतिशीलता का संबंध पर होगा सम्मेलन
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के इस सम्मेलन का मुख्य विषय शहरी विकास और गतिशीलता का संबंध रहेगा। यह सम्मेलन शहरी विकास की रणनीतियां और परिवहन योजना विषय पर केंद्रित रहेगा। सम्मेलन में यह बताया जाएगा कि शहरी नियोजन और परिवहन से जुड़े निर्णय कैसे एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं, जिससे आर्थिक विकास, पर्यावरणीय स्थिरता, सामाजिक समानता और जनस्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों पर प्रभाव पड़ता है। यह दृष्टिकोण शहरों की चुनौतियों का समाधान इस समझ के साथ करने पर बल देता है कि शहरी विकास और गतिशीलता एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि आज शहरी जीवनशैली तेज, कुशल और विश्वसनीय परिवहन पर अत्यधिक निर्भर हो गई है।
उन्होंने बताया कि 3 दिवसीय कार्यक्रम में कॉन्क्लेव, शोध संगोष्ठी, पूर्ण सत्र, तकनीकी सत्र, पैनल चर्चाएं और इंटरेक्टिव प्रदर्शनियां शामिल होंगी। इनमें भारत समेत विभिन्न देशों के नीति-निर्माता, उद्योग जगत से विशेषज्ञ, शोधकर्ता और प्रतिनिधि भाग लेंगे। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्र शेखर खरे ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी गुरुग्राम के लिए गर्व की बात है। यह कार्यक्रम सतत शहरी विकास, स्मार्ट परिवहन समाधानों और बुनियादी ढांचे के नवाचार में राज्य की प्रगति को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।









