वाना में नकली देसी घी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने 29 अक्टूबर को गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए बावाना इंडस्ट्रियल एरिया में छापमारी कर सतेंद्र (44) और पर्वीन (29) को दबोचा।
जांच में खुलासा हुआ कि फैक्ट्री में रिफाइंड ऑयल और अन्य गैर-दुग्ध पदार्थों को मिलाकर नकली देसी घी तैयार किया जाता था। ये घी विभिन्न नामी ब्रांडों के लेबल और पैकिंग में पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था। पुलिस ने मौके से 2500 लीटर पैक घी, 1200 लीटर कच्चा घी, रिफाइंड ऑयल के कंटेनर, मिक्सिंग और हीटिंग यूनिट, पैकिंग मशीनें, रैपर रोल, और विभिन्न साइज की प्लास्टिक पैकिंग सामग्री जब्त की।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार मुख्य आरोपित सतेंद्र ने पहले सोनीपत में तेल बेचने का वैध काम शुरू किया था, लेकिन बाद में अवैध रूप से नकली घी का धंधा करने लगा। दूसरा आरोपित पर्वीन, जो पहले ऑटो चालक था, करीब एक साल पहले सतेंद्र के साथ मिलकर इस धंधे में शामिल हुआ और फैक्ट्री संचालन का जिम्मा संभालता था।









