छठ पूजा के बाद यात्रियों की सुगम वापसी यात्रा के लिए रेलवे तैयार
भारतीय रेल ने छठ पूजा के बाद यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक वापसी यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। देशभर में त्योहारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
सोमवार को रेलवे की जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि भारी भीड़ को देखते हुए चक्रधरपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों टाटानगर, राउरकेला और झारसुगुड़ा पर विशेष व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर स्थापित किए गए हैं और टाटानगर स्टेशन पर आवश्यक सुविधाओं से युक्त होल्डिंग एरिया बनाया गया है। यात्रियों का मार्गदर्शन, कतार व्यवस्था और सुगम बोर्डिंग सुनिश्चित करने के लिए रेलवे कर्मचारी और आरपीएफ सातों दिन 24 घंटे तैनात हैं। स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, साथ ही सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है।
स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए कई स्टेशनों पर मेडिकल टीमों की तैनाती की गई है। रेलवे मेडिकल सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है और जिला प्रशासन के सहयोग से आपातकालीन सेवाएं तत्पर रखी गई हैं।
भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।









