बलरामपुर : जिला पंचायत सीईओ ने किया शंकरगढ़ का सघन दौरा, गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के दिये निर्देश
सीईओ तोमर विकासखण्ड शंकरगढ़ के ग्राम पंचायत आमगांव, खरखोना एवं डीपाडीह पहुंची। उन्होंने पीएम-जनमन आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर पीएम-जनमन के सभी स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण करने हेतु संबंधित तकनीकी सहायकों, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्रों कों निर्देशित किया। तोमर ने महतारी सदन, आंगनबाड़ी, अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र के लिए निर्मित हो रहे भवनों का भी अवलोकन किया। उन्होंने भवनों के गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए अधिकारियो को निर्देशित किया कि भवनों का निर्माण गुणवतापूर्ण हो।
ग्राम भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़े स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। साथ ही महिला समूह द्वारा दीपावली के लिए तैयार किये जा रहे दियों का भी अवलोकन कर आय के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने समूह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने स्व-सहायता समूह की सदस्यों से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और इसके लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
इस अवसर पर जनपद सीईओ वेदप्रकाश पाण्डेय, कार्यक्रम अधिकारी प्रीति प्रियंका लकड़ा, जिला समन्वयक दिवाकर गुप्ता, एसडीओ सहित जनपद पंचायत के कर्मचारी सहित ग्राम के सरपंच तथा स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









