केबुल टाउन में अब हर घर को मिलेगा अलग बिजली कनेक्शन : सरयू

सरयू राय ने बताया कि उच्च न्यायालय ने एक वर्ष पहले दिए गए अंतरिम आदेश में भी यह स्पष्ट किया था कि केबुल टाउनवासी टाटा स्टील यूआईएसएल के माध्यम से अपने घरों के लिए अलग बिजली कनेक्शन का आवेदन कर सकते हैं। टीएसयूआईएल ने उस समय भी कनेक्शन देने की तत्परता जताई थी, लेकिन स्थानीय निवासियों ने आवेदन प्रक्रिया को पूरा नहीं किया था। अब अदालत का अंतिम आदेश आने के बाद केबुल टाउन के लोगों को चाहिए कि वे शीघ्रता से सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर कनेक्शन प्राप्त करें।

विधायक राय ने कहा कि उन्हें अत्यंत प्रसन्नता है कि जिस मुद्दे को उन्होंने जमशेदपुर पूर्वी के विधायक रहते हुए उठाया था, आज वह साकार हुआ है। उन्होंने टाटा स्टील के अधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि कंपनी ने इस प्रक्रिया में हर स्तर पर सहयोग किया और कोई बाधा नहीं उत्पन्न होने दी।