त्रिलोकपुर सिद्धपीठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 24 हजार से अधिक ने नवाया शीश
त्रिलोकपुर में माता जगदम्बा अपने बाल रूप में माता बाला सुंदरी के रूप में पिंडी में विराजमान हैं। यहां वर्षभर भक्तों का तांता लगा रहता है, लेकिन नवरात्रों के दौरान मंदिर में विशेष श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिलता है। श्रद्धालु विशेष रूप से हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।
मंदिर न्यास से प्राप्त जानकारी के अनुसार नवरात्र मेले के 13वें दिन कुल 24,600 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेका। इस दौरान भक्तों द्वारा अर्पित चढ़ावे में कुल ₹10,08,800 की राशि प्राप्त हुई है। मंदिर प्रशासन के अनुसार मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और श्रद्धालु माता बाला सुंदरी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। आगामी दिनों में भी मेले में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।









