शहडाेल: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने जा रहा पिकअप वाहन पलटा, नाबालिग की मौत
जानकारी के अनुसार घटना धनपुरी थाना क्षेत्र के मुड़कटिया नाला के पास शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे हुई। पिकअप में 20 से अधिक लोग सवार थे और यह सिंहपुर के बोडरी गांव से अमरकंटक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे थे। इस दाैरान सुबह तकरीबन पांच बजे धनपुरी थाना क्षेत्र में वाहन अनियंत्रित हो गया और पलट गया। इस हादसे में वाहन के नीचे दबने से किशोर मुकेश कोल (16) नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पांच से अधिक लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। वाहन के बेकाबू होकर पलटने के बाद उसमें सवार लोगों ने स्वयं ही पलटे हुए पिकअप को सीधा करने का प्रयास किया ताकि दबे हुए किशोर को निकाला जा सके। हालांकि, जब तक मुकेश को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर धनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए धनपुरी अस्पताल पहुंचाया। धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंदरो ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पिकअप वाहन पलटने से एक किशोर की मौत हुई है।
बता दें कि इससे पहले गुरुवार शाम को भी शहडाेल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में भी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक हादसा हुआ था। नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण प्रतिमा विसर्जन कर रहे दो लोग तेज बहाव में बह गए थे। उनकी तलाश के लिए शुक्रवार सुबह से एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लापता लोगों का अभी कोई पता नहीं चल सका है।









