जींद : पेयजल संकट पर ग्रामीणों ने पुलिस से मांगी सड़क जाम करने की मंजूरी
शुक्रवार को गांव बधाना के रामकरण, बिंद्र, पवन कुमार, राजेश, विकास आदि लोगों ने नगूरां पुलिस को लिखित में सड़क जाम करने की मांगी परमिशन में बताया कि गांव में करीब 17 दिनों से सबमर्सीबल की मोटर की केबल जली हुई है। यही नही गांव में नहरी पानी के लिए रखी मोटर भी चल नही रही है लेकिन अधिकारी ग्रामीणों की समस्या का स्थायी समाधान न कर केवल मात्र टैंंकरों के पानी की सप्लाई कर रहा है।
टैंकरों के माध्यम से पूरे गांव की पीने के पानी की किल्लत दूर होना असंभव है। इसके लिए बार-बार अधिकारियों के यहां चक्कर लगा चुके हैं लेकिन अधिकारी उनकी समस्या नही सुन रहे हैं। ग्रामीण महिलाओं को पीने के पानी के लिए दूर-दराज खेतों का रूख करना पड रहा है। जिसके कारण ग्रामीण महिलाओं तथा पुरूषों में सरकार तथा विभाग के खिलाफ रोष जताया है। ग्रामीणों ने नगूरां पीएचसी में पहुंचे विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री से भी बधाना गांव में पीने के पानी की किल्लत को दूर करवाने की मांग की थी लेकिन अभी तक भी गांव के लोगों की पीने के पानी की समस्या का समाधान नही हुआ। जिसके कारण गांव के लोगों में जिला प्रशासन तथा सरकार के खिलाफ रोष बढता जा रहा है।









