मंडी के मढ़ी में पोषण माह पर जागरूकता शिविर

अपने संबोधन में रीता देवी ने पोषण माह के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि यह अभियान देशभर में 17 सितंबर से 16 अक्तूबर तक चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए हैं। आज का विषय शिशु एवं बाल आहार रहा। उन्होंने कहा कि नवजात शिशु को जन्म से छह माह तक केवल माँ का दूध ही देना चाहिए तथा इस अवधि में किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आहार या सप्लीमेंट नहीं देना चाहिए। शिविर के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण प्रदर्शनी लगाई, जिसमें स्थानीय पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शित किए गए। महिला मंडल दबरोत की प्रधान किरण ने कहा कि गांवों में उपलब्ध स्थानीय एवं जैविक उत्पादों का अधिक उपयोग करना चाहिए और जंक फूड के सेवन से बचना चाहिए।